रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही फिर शादी के बंधन में बंध सकते हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को खुद इस बात के संकेत दिए। हालांकि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि वह किसे अपनी जीवनसंगिनी बनाने वाले हैं। पारिवारिक और निजी मामलों में गोपनीयता बरतने वाले 66 वर्षीय पुतिन ने एक पत्रकार के सवाल पर यह संकेत दिया।

दरअसल, सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर ने राष्ट्रपति पुतिन से शादी को लेकर सवाल पूछा था। इस पर पुतिन ने मुस्कुराते हुए कहा, 'एक सम्मानजनक ढंग से कहना चाहूंगा कि मैं यह काम एक वक्त करूंगा।' इसके बाद पुतिन ने पत्रकार से पूछा क्या आप शादीशुदा हैं, जब उसने जवाब 'हां' में दिया तो उन्होंने कहा कि तभी आप चाहते हैं कि मैं भी शादी कर लूं।

पुतिन का अपनी पत्नी ल्यूदमिला से 2013 में तलाक हो गया था। ल्यूदमिला से उनकी शादी 1983 में हुई थी। इस दंपति की दो बेटियां कैटरीना और मारिया हैं। दोनों ही राजनीति व सुर्खियों से दूर रहती हैं। ल्यूदमिला के पुतिन से तलाक की वजह को खूबसूरत ओलंपिक चैंपियन जिम्नास्ट एलीना काबायेवा से पुतिन की करीबी को बताया गया।

कौन हैं काबायेवा

खबरों की मानें तो पुतिन ओलंपिक चैंपियन जिम्नास्ट एलीना काबायेवा से शादी कर सकते हैं। राष्ट्रपति पुतिन के काबायेबा से रोमांस से चर्चे लंबे समय हैं। एलीना काबायेवा दो बार ओलंपिक पदक विजेता हैं। वह बारह बार वर्ल्ड चैंपियन रही हैं।  वह जिम्नास्टिक में 25 बार यूरोपीय चैंपियन रह चुकी हैं।

काबायेवा की उम्र 35 साल है। उनका नाम रूस की दो सबसे सफल जिम्नास्टों में शुमार किया जाता है। माना जाता है कि एलीना जब वर्ष 2004 के एथेंस ओलंपिक में जिम्नास्टिक का गोल्ड जीतकर लौटीं, तभी उनकी मुलाकात पुतिन से हुई। इसके बाद पुतिन ने उन्हें राजनीति आने का न्योता दिया। इसके बाद काबायेवा ने खेलों से संन्यास की घोषणा कर दी। इसके बाद वह राजनीति से जुड़ीं और वर्ष 2005 में उन्हें रूस के पब्लिक चैंबर का सदस्य बनाया गया। दो साल बाद वह रूसी संसद ड्यूमा की सदस्य बन गईं। हालांकि बाद में उन्होंने सांसद के पद से इस्तीफा दे दिया। 

काबायेवा रूस के उस नेशनल मीडिया ग्रुप की चेयरमैन बनाई गईं, जो चार बड़े टीवी चैनलों को नियंत्रित करता है। इस चैनल के मालिक यूरी कोवालचुक हैं, जो रूस के बहुत बड़े उद्योगपति और पुतिन के सबसे बड़े कैशियर माने जाते हैं। पुतिन से 31 साल छोटी काबायेवा के उनसे रिश्तों पर रूसी मीडिया कुछ नहीं कहती हालांकि विदेशी मीडिया उन्हें राष्ट्रपति पुतिन की गर्लफ्रेंड मानती है। कहा जाता है कि पुतिन से उनके दो बच्चे भी हैं। दो साल पहले भी यह चर्चा थी कि दोनों बहुत जल्द शादी करने वाले हैं।