दुनिया के मोस्ट वांटेड आतंकियों में शामिल हाफिज सईद को लेकर पाकिस्तान की सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर फजीहत का सामना करना पड़ा है। संयुक्त राष्ट्र ने मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ता और जमाद-उद-दावा तथा लश्कर-ए-तय्यबा के सरगना हाफिज सईद की उस अपील को खारिज कर दिया है। जिसमें उसने प्रतिबंध सूची से नाम हटाने की अपील की थी। खास बात यह है कि पाकिस्तान को छोड़कर सभी प्रमुख देशों ने हाफिज सईद की अपील का विरोध किया। शीर्ष सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंध व्यवस्था से खुद को हटाने की जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद की अपील खारिज कर दी है। संयुक्त राष्ट्र ने वैश्विक आतंकी हाफिज सईद की अपील पर कहा कि पाबंदी जारी रखने का एक तार्किक और विश्वसनीय आधार साबित करने के लिए पर्याप्त सूचनाएं हैं। खास बात यह है कि पाकिस्तान को छोड़कर भारत, फ्रांस, अमेरिका एवं ब्रिटेन ने हाफिज सईद की अपील का विरोध किया।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 10 दिसंबर, 2008 को हाफिज सईद को प्रतिबंधित आतंकियों की सूची में शामिल किया था। सुरक्षा परिषद ने मुंबई में हुए 26/11 हमले के बाद प्रतिबंध की घोषणा की थी। हाल ही में पाकिस्तान में राजनीतिक पार्टी बनाने वाले आतंकी सरगना सईद ने साल 2017 में लाहौर की लॉ फर्म मिर्जा एंड मिर्जा के जरिये संयुक्त राष्ट्र से प्रतिबंधित सूची से नाम हटाने की अपील की थी। पाकिस्तान का दावा है कि वैश्विक आतंकी हाफिज सईद इस समय नजरबंदी में है।